अक्टूबर: एक पुल


                                                       अक्टूबर: एक पुल

आखिर तुम आ ही गए 

पता है कितना इंतज़ार किया मैंने तुम्हारा

क्या क्या नहीं देखा मैंने इन दिनों में 

सूरज का रौद्र रूप देखा  

सड़कों पर मृगमरीचिका 

देखा मानसून और उसमें तैरते उतरते सपने 

कच्चे घरों की टपकती छतें 

सारा मंजर इन आँखों ने देखा 

अब मैं देखूँगा तुम्हारी लम्बी रातें 

तुम्हारे आकाश में बादल नहीं होंगे 

होंगे सिर्फ टिमटिमाते तारे 

पेड़ की शाखों से गिरते हुए पत्ते


सुबह घासों पर ओस दिखेगी 

ये सब दिखेगा 

दिखेगी तुममें मुझे अपार संभावनाएं   

और मुझे तुमसे मोहब्बत होने लगेगी 

तुम साथ लाए हो दीयों की हल्की सी टिमटिमाहट,

सुबह की गुलाबी ठंड में लिपटी अपनी आहट 

पर जानता हूँ, यह रोशनी भी एक पड़ाव ही तो है

तुम तो पुल हो 

गर्मियों और सर्दियों के बीच की 

तुम्हें तो पता है न कि पुल पर कोई रुकता नहीं है   

और मैं एक चलायमान मुसाफ़िर 

मैं चाह कर भी रुक नहीं सकता 

काश मैं इतना धनी होता कि वक्त को रिश्वत देकर तुम्हें खरीद लेता 

तुम प्रस्तावना थी एक ऋतु के आगमन की 

तुमने कुछ चीजों का अंत किया 

तुम मुक्तिदाता बने 

पर तुम विधाता तो नहीं हो

तुम स्थायित्व भी हो परिवर्तन का आगाज़ भी पर तुम शाश्वत तो नहीं हो   

जैसे ही तुम्हारा यौवन उफ़ान पर आएगा 

फ़िर नवंबर तुम्हें आच्छादित कर देगा 

ठीक वैसे ही जैसे तुमने सितंबर को किया था 

 

Comments

  1. बहुत सुंदर रचना भैया 👌🙏 अक्टूबर की दस्तक है, हवाओं में ठहराव और दिल में फिर से कुछ खूबसूरत ख़्वाब हैं। 🍂✨

    ReplyDelete
  2. धन्यवाद आनंद, अब अक्टूबर का मजा लिया जाए वरना नवंबर आ जाएगा

    ReplyDelete

Post a Comment